कोलंबो, 18 मार्च (आईएएनएस)। श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) ने इस साल अप्रैल-मई में होने वाली इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के लिए अपने खिलाड़ियों को भारत भेजने से पहले वहां की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने का फैसला किया है।
एसएलसी के एक आला अधिकारी ने बताया कि 10 अप्रैल से शुरू हो रही इस ट्वेंटी-20 प्रतियोगिता के लिए भारत रवाना करने से पहले वह खिलाड़ियों से भी बात करेगा।
एसएलसी के नवनियुक्त प्रशासनिक अधिकारी डी.एस. डीसिल्वा ने कहा, "हम आईपीएल के साथ करारबद्ध अपने खिलाड़ियों के साथ-साथ भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड से भी सुरक्षा हालात के बारे में चर्चा करेंगे।"
उल्लेखनीय है कि इस महीने की तीन तारीख को पाकिस्तान के दूसरे सबसे बड़े शहर लाहौर में श्रीलंकाई खिलाड़ियों पर आतंकी हमला हुआ था।
इस हमले में छह खिलाड़ी घायल हुए थे जबकि उनकी सुरक्षा में तैनात छह पुलिसकर्मी मारे गए थे। इसी के मद्देनजर एसएलसी ने खिलाड़ियों को भारत भेजने से पहले सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने का फैसला किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।