पुलिस प्रमुख ने कहा कि तीन मार्च को पाकिस्तान के दूसरे सबसे बड़े शहर लाहौर में श्रीलंकाई खिलाड़ियों पर हुए आतंकवादी हमले के बाद खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर किसी तरह का जोखिम नहीं उठाया जा सकता।
डडवाल ने पत्रकारों से कहा, "पाकिस्तान में जो कुछ हुआ, उसे देखते हुए दिल्ली में आईपीएल मैच कराना सुरक्षित नहीं है। मैं व्यक्तिगत तौर पर इसके खिलाफ हूं। हमारे लिए मैचों के साथ-साथ चुनाव के लिए सुरक्षा व्यवस्था कर पाना संभव नहीं है।"
उधर, आईपीएल की आयोजन समिति ने गृह मंत्रालय को मंगलवार को जो पुनर्निर्धारित कार्यक्रम सौंपा है, उसमें से जयपुर और दिल्ली जैसे प्रमुख आयोजन स्थलों के नाम हटा लिए गए हैं। इनके स्थान पर धर्मशाला और अहमदाबाद को सूची में जगह मिली है।
उल्लेखनीय है कि आम चुनाव के दौरान आईपीएल के आयोजन को लेकर गृह मंत्रालय और आयोजन समिति के बीच सोमवार को हुई तीसरी बैठक का कोई नतीजा नहीं निकल सका था।
गृह मंत्रालय ने आईपीएल से एक बार फिर पुनर्निर्धारित कार्यक्रम पेश करने के साथ-साथ उन राज्यों से सुरक्षा संबंधी आश्वासन हासिल करने को कहा था, जहां मैच खेले जाने हैं।
आईपीएल और लोकसभा चुनाव इस साल अप्रैल-मई में होने हैं। आईपीएल की शुरुआत जहां 10 अप्रैल से होगी वहीं लोकसभा के लिए पहले चरण का मतदान 16 अप्रैल को होगा। मतगणना 16 मई को होगी, जबकि आईपीएल का फाइनल मुकाबला 24 मई को खेला जाना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।