कीवी टीम के कप्तान डेनियल विटोरी और जेस राइडर के शतकों की बदौलत मेजबान टीम ने पहली पारी में 279 रन बनाया। भारतीय गेंदबाजों की तूफानी गेंदबाजी के आगे कीवी टीम के शेष बल्लेबाजों ने समर्पण कर दिया।
हेमिल्टन के सेडन पार्क पर भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला किया। भारतीय गेंदबाजों ने मात्र 60 रनों के कुल स्कोर पर कीवी टीम के छह अहम बल्लेबाजों को पेवेलियन की राह दिखा दी। न्यूजीलैंड को पहला झटका जहीर खान ने उस समय दिया जब कीवी टीम के खाते में कुल 17 रन जुड़े थे। सलामी बल्लेबाज मार्टिन गुपटिल जहीर की एक गेंद पर स्लिप में राहुल द्रविड़ के हाथों लपक लिए गए।
इसके बाद न्यूजीलैंड के विकटों के गिरने का जो सिलसिला शुरू हुआ वह थम न सका। चार कीवी बल्लेबाज खाता भी नहीं खोल सके। पूरी कीवी टीम 78.2 ओवरों में 279 रन बनाकर पेवेलियन लौट गई। भारत की ओर से ईशांत शर्मा ने चार, मुनाफ पटेल ने तीन और जहीर ने दो विकेट झटके। हरभजन सिंह ने भी एक विकेट अपने नाम किया।
इससे पहले कप्तान विटोरी और राडर ने भारतीय गेंदबाजों को बखूबी सामना किया। कीवी कप्तान ने शानदार 118 रन की पारी खेलते हुए अपनी टीम को संकट से उबारने की भरपूर कोशिश की। वह पटेल की एक गेंद पर भारतीय कप्तान धौनी के हाथों लपके गए। राइडर ने 102 रनों की पारी खेली।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।