पीसीबी के मुख्य परिचालन अधिकारी सलीम अल्ताफ ने कहा कि लाहौर में श्रीलंकाई क्रिकेट टीम पर हुए आतंकवादी हमले के बाद पाकिस्तान अलग-थलग पड़ गया है।
उन्होंने कहा, "यह कोई आसान समस्या नहीं है। दुनिया को लगता है कि पाकिस्तान में माहौल हिंसक है और जब तक यह सोच बनी रहती है तब तक क्रिकेट टीमों को दौरे के लिए मनाना हमारे लिए बहुत मुश्किल है।"
उन्होंने कहा, "जब तक यहां स्थिरता और राजनीतिक सौहार्द नहीं आ जाता तब तक मुझे इस बात का डर है कि पाकिस्तान के बारे में सोच नहीं बदलेगी।"
हाल ही में पीसीबी प्रमुख एजाज बट्ट ने उम्मीद जताई थी कि अगले छह से नौ महीनों में अंतर्राष्ट्रीय टीमें पाकिस्तान का दौरा कर सकती हैं।
गौरतलब है कि लाहौर में तीन मार्च की सुबह श्रीलंकाई टीम पर 12 अज्ञात बंदूकधारियों ने उस समय हमला किया था जब टीम के सदस्य बस में सवार होकर गद्दाफी स्टेडियम जा रहे थे। हमले में श्रीलंका के छह खिलाड़ी और टीम के सहायक कोच जख्मी हो गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।