इस जीत के साथ भारतीय टीम ने तीसरे स्थान के लिए खेले जाने वाले प्ले-ऑफ मुकाबले में हिस्सा लेने की योग्यता हासिल कर ली है।
टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज की टीम प्रियंका और अमिता शर्मा (14/2) की घातक गेंदबाजी के आगे 44.4 ओवर में 84 रन बनाकर पेवेलियन लौैट गई।
वेस्टइंडीज की ओर से सलामी बल्लेबाज स्टेफानी टेलर ने सर्वाधिक 29 रन बनाए जबकि पामेला लेवानी ने 20 रनों का योगदान दिया।
वेस्टइंडीज की छह बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सकीं। भारत की ओर से रुमेली धर, गौहर सुल्ताना और पूनम राउत ने एक-एक सफलता हासिल की।
जवाब में खेलते हुए भारतीय टीम ने अंजुम चोपड़ा (3) और पूनम (0) के विकेट खोकर 17.5 ओवर में 86 रन बनाकर यह मैच आठ विकेट से जीत लिया। प्रियंका को 'वुमैन ऑफ द मैच' चुना गया।
सलामी बल्लेबाज सुलक्षणा नाइक 48 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 39 रन बनाकर नाबाद लौटीं जबकि मिताली राज ने 41 गेंदों पर चार चौकों की मदद से नाबाद 34 रन बनाए।
प्ले-ऑफ मुकाबले में भारत का सामना शनिवार को आस्ट्रेलिया से होगा। इस मैच के माध्यम से तीसरे और चौथे स्थान का फैसला होगा। दोनों टीमें हालांकि अगले विश्व कप के लिए क्वालीफाई कर जाएंगी।
दूसरी ओर, वेस्टइंडीज और पाकिस्तान की टीमों को पांचवें स्थान के प्ले-ऑफ मुकाबले में भिड़ना होगा। इसके बावजूद दोनों टीमों को 2013 में होने वाले विश्व कप के लिए क्वालीफाईं मुकाबलों में हिस्सा लेना होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*