वेबसाइट 'क्रिकइंफो डॉट कॉम' के मुताबिक विभिन्न चोटों के कारण लगभग 11 महीने से एक भी अंतर्राष्ट्रीय मैच नहीं खेल सके श्रीसंत का जून में इंग्लैंड में खेले जाने वाले ट्वेंटी-20 विश्व कप के लिए भी उपलब्ध हो पाना संभव नहीं दिख रहा है।
श्रीसंत ने कहा, "यह मेरे करियर का सबसे खराब दौर है। विभिन्न चोटों के कारण मैं लगभग एक साल से अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में नहीं खेल सका हूं और अब मैं आईपीएल में भी नहीं खेल सकूंगा। एक क्रिकेटर के लिए इससे दुखद: और क्या हो सकता है।"
वर्ष 2006 में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट का आगाज करने वाले श्रीसंत ने बहुत कम समय में खुद को भारत के अग्रणी तेज गेंदबाजों की जमात में शामिल कर लिया लेकिन मई 2008 में आईपीएल के पहले संस्करण के दौरान वह चोटिल होने के कारण राष्ट्रीय टीम से बाहर हो गए।
शरीर के दाएं हिस्से में आए जबरदस्त खिंचाव से उबरने के बाद श्रीसंत एक बार फिर चोटिल हो गए। इस बार उन्हें पीठ में तकलीफ हुई। बेंगलुरू स्थित राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में सुधार कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद वह दिसंबर 2008 में फिट घोषित किए गए और देवधर ट्रॉफी के फाइनल तक खेले। लेकिन इसके बाद पीठ की तकलीफ के कारण वह एक बार फिर क्रिकेट से दूर हो गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।