तीसरे दिन पहले सत्र में तेजी से रन बटोरना होंगे : द्रविड़ (लीड-1)
न्यूजीलैंड की पहली पारी के स्कोर 279 रनों के जवाब में भारत ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक चार विकेट के नुकसान पर 278 रन बना लिए। सचिन तेंदुलकर 70 और युवराज सिंह आठ रन बनाकर खेल रहे हैं।
मैच के दूसरे दिन का खेल खत्म होने के बाद पत्रकारों से मुखातिब द्रविड़ ने कहा कि पहली पारी में न्यूजीलैंड पर 150 रनों की बढ़त उनकी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा देगी।
उन्होंने कहा कि सेडन पार्क की पिच पर पुरानी गेंद की अपेक्षा नई गेंद से रन बनाना ज्यादा आसान है। पूर्व कप्तान ने यह भी कहा कि पिच का मिजाज आने वाले दिनों में भी नहीं बदलेगा।
बकौल द्रविड़, "गेंद पुरानी पड़ने के साथ सेडन पार्क में रन बनाने में कठिनाई हो रही है लेकिन नई गेंद के साथ कोई दिक्कत नहीं है। मैं मानता हूं कि 150 रनों की बढ़त के साथ हम इस मैच में कीवी टीम पर शिकंजा कस सकते हैं। हमारे गेंदबाज लय में हैं। अगले एक-दो दिनों तक पिच का मिजाज भी नहीं बदलने वाला, इस लिहाज से हमारा पलड़ा भारी हो सकता है।"
पहली पारी में 66 रन बनाकर गौतम गंभीर के साथ 105 रनों की साझेदारी कर अपनी टीम को मजबूती देने वाले द्रविड़ मानते हैं कि तीसरे दिन सचिन तेंदुलकर और युवराज सिंह की भूमिका काफी अहम होगी क्योंकि इस दिन टीम को तेजी से रन बनाने की जरूरत है और इस काम में युवराज काफी माहिर हैं। तेंदुलकर 70 रन बनाकर नाबाद हैं जबकि युवराज आठ रन बनाकर उनका साथ दे रहे हैं।
अपने प्रदर्शन को लेकर द्रविड़ ने कहा कि वह बड़ी पारियों से नहीं बल्कि अपनी टीम के लिए छोटी किंतु उपयोगी पारियां खेलकर संतुष्ट रहते हैं। द्रविड़ ने कहा, "मैं अपने प्रदर्शन से खुश हूं। मेरा काम रन बनाना है और मैंने इसे भूमिका को बखूबी अंजाम दिया है। मैं इससे अधिक कुछ नहीं चाहता। मैं खुश हूं कि हमारी टीम आज अच्छी स्थिति में है और इसमें मेरा भी योगदान है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications