पहले दिन के 29 रनों के स्कोर से आगे खेलते हुए भारतीय टीम ने खेल के दूसरे दिन वीरेंद्र सहवाग का विकेट जल्दी खो दिया। सहवाग दूसरे दिन अपने व्यक्तिगत स्कोर में महज दो रन ही जोड़ सके और 24 रन बनाकर रन आउट हो गए। इसके बाद गंभीर और द्रविड़ ने शतकीय साझेदारी करते हुए भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। गंभीर ने 72 और द्रविड़ ने 66 रनों की पारी खेली।
एकदिवसीय श्रृंखला में शानदार प्रदर्शन करने वाले मास्टर ब्लास्टर ने यहां भी अपनी बेहतरीन लय का परिचय दिया। उन्होंने 135 गेंदों का सामना करते हुए 11 चौके जड़कर नाबाद 70 रन बनाए। लक्ष्मण ने भी 30 रन का योगदान दिया। न्यूजीलैंड की ओर से क्रिस मार्टिन ने 53 रन देकर दो और इयान ओ'ब्रायन ने 56 रन खर्च करके एक विकेट अपने नाम किया।
मैच के पहले दिन कीवी टीम ने अपनी पहली पारी में कप्तान डेनियल विटोरी और जेस राइडर के शतकों की बदौलत 279 रन बनाए थे। भारतीय गेंदबाजों की तूफानी गेंदबाजी के आगे विटोरी और राइडर को छोड़ कीवी टीम के शेष बल्लेबाजों ने घुटने टेक दिए।
हेमिल्टन के सेडन पार्क पर बुधवार को भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला किया था। भारतीय गेंदबाजों ने मात्र 60 रनों के कुल स्कोर पर कीवी टीम के छह अहम बल्लेबाजों को पेवेलियन की राह दिखा दी थी। विटोरी और राइडर ने भारतीय गेंदबाजों को बखूबी सामना किया। कीवी कप्तान ने शानदार 118 रन की पारी खेलते हुए अपनी टीम को संकट से उबारने की भरपूर कोशिश की थी। राइडर ने 102 रनों की पारी खेली थी।
गौरतलब है कि पहली पारी में चार कीवी बल्लेबाज खाता भी नहीं खोल सके थे। पूरी कीवी टीम 78.2 ओवरों में 279 रन बनाकर पेवेलियन लौट गई। भारत की ओर से ईशांत शर्मा ने चार, मुनाफ पटेल ने तीन और जहीर ने दो विकेट झटके थे। हरभजन सिंह ने भी एक विकेट अपने नाम किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*