फेडरर ने क्वार्टर फाइनल मुकाबले में स्पेन के फर्नाडो वर्दास्को को कड़े मुकाबले के बाद 6-3, 7-6 (7-5) से पराजित किया।
सेमीफाइनल में उनका सामना चौथी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी ब्रिटेन के एंडी मरे से होगा। फेडरर के लिए यह मुकाबला काफी कठिन होगा क्योंकि पिछले साल अमेरिकी ओपन के फाइनल के बाद से मरे उन्हें तीन बार पराजित कर चुके हैं।
मरे क्रोएशिया के इवान जुबिकिक को 7-5, 7-6 (8-6) से हराकर अंतिम-4 दौर में पहुंचे हैं। जुबिकिक को हराने के लिए उन्हें दो घंटे से भी अधिक समय तक जूझना पड़ा।
महिला वर्ग में मौजूदा चैंपियन सर्बिया की एना इवानोविक भी अंतिम-4 दौर में पहुंच गई हैं। इवानोविक को हालांकि सेमीफाइनल में स्थान बनाने के लिए कोर्ट पर नहीं उतरना पड़ा क्योंकि उनकी प्रतिद्वंद्वी साइबिली बैमर कंधे की चोट के कारण बिना खेले ही बाहर हो गईं।
सेमीफाइनल में इवानोविक का सामना रूस की युवा खिलाड़ी एनास्तासिया पाव्लीयूचेनकोवा से होगा, जिन्होंने दूसरे क्वार्टर फाइनल में सातवीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी पोलैंड की एग्निस्का रेडवांस्का को 7-6 (10-8), 6-4 से पराजित किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।