वेबसाइट 'क्रिकइंफो डॉट कॉम' के मुताबिक मुंबई में होने वाली इस बैठक में कार्यकारिणी के सदस्य अपनी राय देंगे। इससे पहले शनिवार को मुंबई में कार्यकारिणी की एक अनौपचारिक बैठक बुलाई गई।
इस बैठक में आईपीएल प्रमुख ललित मोदी और बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष शरद पवार सहित सभी प्रमुख अधिकारियों ने हिस्सा लिया। इसी बैठक के बाद रविवार को एक बार फिर इस मुद्दे पर माथापच्ची करने का फैसला किया गया।
मोदी ने कहा, "रविवार को होने वाली कार्यकारिणी की आपात बैठक के दौरान आईपीएल के कार्यक्रम को लेकर फैसला किया जाएगा। प्रतियोगिता के दूसरे संस्करण को लेकर काफी कुछ सोचा गया है और इस संबंध में अंतिम घोषणा रविवार दूसरे पहर की जाएगी।"
उल्लेखनीय है कि आईपीएल की आयोजन समिति तीसरा पुनर्निर्धारित कार्यक्रम गृह मंत्रालय को सौंप चुकी है, जिस पर गृह मंत्री पी. चिदंबरम अगले हफ्ते फैसला करेंगे। ऐसे में जबकि आईपीएल के शुरू होने से में मात्र 19 दिन रह गए हैं, आयोजन समिति को गृह मंत्रालय के साथ तालमेल बनाकर जल्द से जल्द कोई फैसला करना होगा।
आईपीएल और लोकसभा चुनावों का आयोजन अप्रैल-मई में साथ-साथ होना है और यही सरकार की दिक्कत है। सरकार चुनावों के दौरान आईपीएल मैचों के लिए सुरक्षा बल मुहैया कराने की स्थिति में नहीं है।
सरकार ने फिलहाल आईपीएल मैचों में सुरक्षा मुहैया कराने की जिम्मेदारी उन राज्यों को दे रखी है, जहां ये मैच खेले जाने हैं। गृह मंत्रालय ने राज्यों से इस संबंध में जल्द से जल्द राय मांगी है। मंत्रालय का फैसला राज्यों की रिपोर्ट पर निर्भर करेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।