अब्राहम डिविलियर्स 142 गेंदों पर नौ चौकों और एक छक्के की मदद से 90 रन बनाकर खेल रहे थे जबकि अपना पहला टेस्ट मैच खेल रहे एल्बी मोर्कल 27 रन बनाकर उनका साथ दे रहे थे।
आस्ट्रेलिया की पहली पारी 209 रनों पर समेटने वाली मेजबान टीम ने भोजनकाल तक 299 रनों की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल कर ली थी।
दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक मेजबान टीम ने एश्वेल प्रिंस (150) और कार्यकारी कप्तान जैक्स कैलिस (नाबाद 102) की शतकीय पारियों की बदौलत तीन विकेट के नुकसान पर 403 रन बनाए थे। कैलिस के साथ डिविलियर्स 39 रन पर नाबाद लौटे थे।
तीसरे दिन मेजबान टीम को पहला झटका कैलिस के रूप में लगा, जो अपने एक दिन पहले के व्यक्तिगत स्कोर में एक भी रन जोड़े बगैर पेलेवियन लौट गए। कैलिस की विदाई के बाद एक तरफ जहां डिविलियर्स ने एक छोर संभाले रखा वहीं दूसरे छोर पर विकेट लगातार गिरते रहे।
जीन पॉल डुमिनी मात्र सात रन बनाकर पेवेलियन लौट गए जबकि विकेटकीपर बल्लेबाज मार्क बाउचर 12 रन ही बना सके। दक्षिण अफ्रीका को 54 रन अतिरिक्त के रूप में मिले हैं। आस्ट्रेलिया की ओर से मिशेल जानसन ने तीन विकेट लिए हैं जबकि बेन हिफेनहॉल को दो सफलता मिली है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।