तीन मार्च को स्थानीय लिबर्टी चौक पर श्रीलंका क्रिकेट टीम के काफिले पर हुए आतंकवादी हमले के बाद जो हालात उपजे हैं, उन्हें देखते हुए पाकिस्तान से मेजबानी छीने जाने की आशंका जताई जा रही है।
ऐसी स्थिति में विश्व कप की मेजबानी तीन सह-मेजबानों-भारत, श्रीलंका और बांग्लादेश के पास रह जाएगी। पीसीबी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने भी पाकिस्तान के मेजबानी छीने जाने की आशंका जताई है।
पाकिस्तान के समाचार पत्र 'द न्यूज' ने अधिकारी के हवाले से लिखा है, "पाकिस्तान के हिस्से एक सेमीफाइनल सहित कुल 16 मैच आए हैं। इस लिहाज से उसे 1.2 करोड़ डॉलर (लगभग 55 करोड़ रुपये) की आमदनी होने के आसार हैं, लेकिन अगर मेजबानी छिनी तो पीसीबी को जबरदस्त नुकसान होगा।"
श्रीलंकाई टीम पर हुए हमले के बाद आस्ट्रेलिया सहित कई प्रमुख टीमों ने पाकिस्तान दौरा करने से इनकार कर दिया है। इस कारण पाकिस्तान की मेजबानी पर खतरा दिखाई दे रहा है।
अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने अगले विश्व कप के लिए भारत को 22 मैचों की मेजबानी का अधिकार दिया है जबकि श्रीलंका को नौ और बांग्लादेश को सात मैचों की मेजबानी मिली है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।