मैच के बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए भारतीय कप्तान ने कहा कि गेंदबाजों ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने के उनके फैसले को सही साबित किया।
भारत ने न्यूजीलैंड को 10 विकेट से हराकर तीन मैचों की श्रृंखला में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। न्यूजीलैंड में भारतीय टीम की 33 साल बाद पहली जीत है।
धौनी ने कहा, "गेंदबाजों ने अपने प्रदर्शन के बूते मेरे टॉस जीतकर टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने के उनके फैसले को सही साबित किया। चौथे दिन हमें छह विकेट बड़ी आसानी से मिल गए। भोजनकाल के बाद पिच बल्लेबाजी के अनुकूल दिख रही थी, हालांकि इसके बावजूद हमारे गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया।"
धौनी ने पहली पारी में 160 रन बनाने वाले मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर की भी जमकर तारीफ की।
उन्होंने कहा, "तेंदुलकर अपने बेहतरीन लय में दिखे। उन्होंने अपने अधिकांश रन खराब गेंदों पर बनाए। वह मौके की तलाश में रहे और लंबे समय तक विकेट पर टिके रहकर टीम को फायदा पहुंचाया।"
अपने करियर का 42वां टेस्ट शतक लगाने वाले तेंदुलकर को 'मैन ऑफ द मैच' चुना गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।