आईपीएल की फ्रेंचाइजी टीम-मुंबई इंडियंस का मालिकाना हक रखने वाली कंपनी रिलायंस के कर्ताधर्ता मुकेश अंबानी की पत्नी और टीम की अध्यक्ष नीता अंबानी ने आईपीएल के आयोजन को लेकर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा बुलाई गई आपात बैठक के बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए यह बात कही।
नीता ने कहा, "आईपीएल को भारत के बाहर कराने का फैसला हमारे पक्ष में नहीं है लेकिन आईपीएल ने कहा है कि इस कारण किसी फ्रेंचाइजी टीमों को नुकसान नहीं उठाने दिया जाएगा।" नीता ने कहा कि उन्हें इस बात की खुशी है कि तमाम मुश्किलों से निकलकर आईपीएल का आयोजन अपने नियत समय पर ही होगा और भारतीय दर्शक अपने समायानुसार ही मैचों का प्रसारण देख सकेंगे।
रविवार को आयोजित आपात बैठक के बाद बीसीसीआई ने कहा कि सरकार अगर सुरक्षा मुहैया कराने में असमर्थता जताती है तो आईपीएल के दूसरे संस्करण का आयोजन देश के बाहर कराया जाएगा।
बोर्ड ने आयोजन स्थलों के नामों का खुलासा नहीं किया लेकिन उसने इतना जरूर कहा कि वह दूसरे देशों के क्रिकेट बोर्डो के साथ बातचीत कर रहा है और जल्द ही टूर्नामेंट के कार्यक्रम और आयोजन स्थलों के नामों की घोषणा की जाएगी। ऐसी संभावना है कि आईपीएल की मेजबानी के लिए इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका और मध्य-पूर्व तगड़े दावेदार के रूप में उभरे हैं।
बीसीसीआई अध्यक्ष शशांक मनोहर ने पत्रकारों से कहा, "कई देशों के क्रिकेट बोर्डो ने आईपीएल की मेजबानी की इच्छा जाहिर की है। हम सबके साथ बात कर रहे हैं।" बीसीसीआई ने साफ किया कि वह मजबूरन यह फैसला कर रहा है क्योंकि सरकार लोकसभा चुनावों के साथ-साथ होने वाले आईपीएल मैचों के लिए सुरक्षा की व्यवस्था करने में असमर्थता जता रही है।
आईपीएल आयोजन समिति के अध्यक्ष ललित मोदी ने कहा कि आयोजन स्थलों में परिवर्तन के अलावा इसके प्रारूप में कोई और परिवर्तन नहीं किया जाएगा। बकौल मोदी, "आईपीएल के 59 मैच भारतीय समयानुसार शाम चार बजे से रात 11 बजे तक खेले जाएंगे। इसके समय और प्रारूप में किसी तरह का परिवर्तन नहीं किया जा सकता है। टूर्नामेंट का नया कार्यक्रम शीघ्र ही जारी किया जाएगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।