जोहांसबर्ग, 22 मार्च (आईएएनएस)। सुरक्षा कारणों से भारत सरकार द्वारा पल्ला झाड़ने के कारण इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के भारत से बाहर कराए जाने की संभावना बनने के साथ ही दक्षिण अफ्रीका के 11 प्रांतीय क्रिकेट बोर्डो के अध्यक्ष इस प्रतिष्ठित ट्वेंटी-20 प्रतियोगिता की मेजबानी की तैयारी करने लगे हैं।
दक्षिण अफ्रीकी समाचार पत्र 'रैपर्ट' के मुताबिक क्रिकेट साउथ अफ्रीका (सीएसए) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जेराल्ड मजोला और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के अधिकारियों ने बार-बार कहा है कि इस संबंध में कोई प्रगति नहीं हुई है लेकिन पत्र ने दावा किया है कि बीसीसीआई ने सीएसए से कहा है कि वह इस प्रतियोगिता के आयोजन के लिए तैयार रहे।
सीएसए के अध्यक्ष मुतुजेली नोयोका ने कहा है कि उस संबंध में अफवाह कहां से उड़ी है, उन्हें नहीं पता, लेकिन पत्र ने दावा किया है कि नोकोया ने आईपीएल के आयोजन के लिए 11 प्रांतीय क्रिकेट बोर्डो को तैयार रहने को कहा है।
प्रांतीय बोर्डो के अधिकारी भी आईपीएल के आयोजन के लिए तैयार हैं। इसके लिए उन्हें सीएसए की कुछ शर्ते भी स्वीकार्य हैं। इस आधार पर यह कहा जा सकता है कि आईपीएल के मैच दक्षिण अफ्रीका के एक दर्जन से अधिक मैदानों पर खेले जा सकते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।