बेंगलुरू, 21 मार्च (आईएएनएस)। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन इंडियन प्रीमियर लीग के दूसरे संस्करण में बेंगलुरू रायल चैलेंजर्स ट्वेटी-20 क्रिकेट टीम के कप्तान होंगे। राहुल द्रविड़ को कप्तान पद से हटा दिया गया है।
बेंगलुरू रायल चैलेंजर्स टीम के मालिक विजय माल्या ने शनिवार देर शाम संवाददाताओं को इस फैसले से अवगत कराते हुए कहा कि इस निर्णय को अंतिम रूप देने से पहले द्रविड़ से विचार-विमर्श कर लिया गया है।
माल्या ने कहा कि पीटरसन पूरी श्रृंखला के दौरान कप्तानी नहीं कर पाएंगे क्योंकि वह दूसरी प्रतिबद्धताओं से जुड़े हुए है। उनकी अनुपस्थिति में दक्षिण अफ्रीका के खिलाड़ी और चैलेंजर्स टीम के उपकप्तान जैक्स कैलिस कप्तानी करेंगे।
माल्या ने कहा कि यह बहुत आसान फैसला नहीं था। इस फैसले से पहले द्रविड़ से सलाह-मशविरा किया गया।
उन्होंने कहा कि संभव है कि द्रविड़ इस श्रृंखला में नहीं खेल पाएं क्योंकि वह पिता बनने वाले हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।