न्यूजीलैंड के समाचार पत्र 'न्यूजीलैंड हेराल्ड' के मुताबिक दूसरे टेस्ट मैच में टीम का नेतृत्व कर रहे वीरेंद्र सहवाग ने साफ किया है कि धौनी की चोट गंभीर नहीं है और वह वेलिंग्टन में खेले जाने वाले तीसरे टेस्ट मैच में खेलेंगे।
सहवाग ने बताया कि गुरुवार को धौनी की चोट का एमआरआई स्कैन कराया गया, जिससे साफ हो गया कि वह अगले दो-तीन दिनों में पूरी तरह फिट हो जाएंगे।
गुरुवार सुबह जब सहवाग टॉस के लिए मैदान में पहुंचे, तब सभी लोग हैरान थे लेकिन सहवाग ने साफ किया कि कोच गैरी कर्स्टन ने उन्हें बुधवार रात को ही कह दिया था कि उन्हें सुबह टॉस के लिए जाना पड़ सकता है।
सहवाग दूसरी बार टेस्ट मैच में भारतीय टीम का नेतृत्व कर रहे हैं। इससे पहले उन्होंने 2005-06 सत्र में राहुल द्रविड़ की अनुपस्थिति में श्रीलंका के खिलाफ टीम की कमान संभाली थी। भारत ने वह टेस्ट जीता था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।