पाकिस्तान के समाचार पत्र 'द न्यूज' के मुताबिक यूसुफ ने आस्ट्रेलिया के साथ अप्रैल-मई में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में खेली जाने वाली एकदिवसीय श्रृंखला के माध्यम से राष्ट्रीय टीम में वापसी का लक्ष्य रखा है। यूसुफ ने साफ किया है कि वह जल्द ही आईसीएल आयोजन समिति से अपने करार को निरस्त करने के संबंध में बात करेंगे।
पत्र के मुताबिक यूसुफ ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) को अपने फैसले के संबंध में जानकारी दे दी है। पीसीबी ने पिछले साल आईसीएल के साथ संबंध जोड़ने के बाद यूसुफ पर सभी तरह का क्रिकेट खेलने पर प्रतिबंध लगा दिया था।
यूसुफ के लिए राष्ट्रीय टीम में वापसी कर पाना इतना आसान नहीं होगा क्योंकि पीसीबी मानता है कि उन्होंने बोर्ड के केंद्रीय करार का उल्लंघन किया है।
ऐसा इसलिए क्योंकि यूसुफ ने अबू धाबी में वेस्टइंडीज के साथ खेली गई तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला के मध्य में आईसीएल के साथ करार किया था।
यूसुफ ने उस समय साफ किया था कि वह कप्तान शोएब मलिक के व्यवहार से तंग आकर पाकिस्तानी टीम से नाता तोड़ रहे हैं क्योंकि मलिक एक वरिष्ठ खिलाड़ी के तौर पर उन्हें ज्यादा तवज्जो नहीं देते।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।