ब्रिटेन के समाचार पत्र 'द टेलीग्राफ' के मुताबिक क्लब ने अमेरिका के लॉस एंजेलिस गैलेक्सी क्लब से बेकहम के स्थानांतरण की औपचारिकताएं लगभग पूरी कर ली हैं। बेकहम को 11 हफ्ते के लोन पर आधारित करार के खत्म होने के बाद नौ मार्च को लॉस एंजेलिस गैलेक्सी लौटना था लेकिन अब उनको फिलहाल वहां जाने की जरूरत ही नहीं पड़ेगी।
जिस करार के सफल होने के आसार जताए जा रहे हैं, उसके मुताबिक बेकहम अब इस साल मई के अंत तक क्लब के साथ बने रहेंगे। इसके बाद वह 17 जुलाई को अमेरिका लौटेंगे, जहां उन्हें अमेरिका की घरेलू मेजर फुटबाल लीग में हिस्सा लेना है। बेकहम और लॉस एंजेलिस गैलेक्सी का करार नवंबर में समाप्त हो रहा है।
मिलान के साथ अपने संक्षिप्त करार के कारण ही बेकहम का 2010 में दक्षिण अफ्रीका में खेले जाने वाले विश्व कप में खेलने के आसार बनते दिख रहे हैं। मिलान बेकहम की भूमिका से बेहद प्रसन्न है और साथ ही इंग्लैंड की राष्ट्रीय टीम के कोच फैबियो कापेलो ने भी बेकहम के प्रदर्शन को लेकर प्रसन्नता जाहिर की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।