नेपियर के मैक्लीन पार्क पर कीवी टीम के कप्तान डेनियल विटोरी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। न्यूजीलैंड की शुरुआत निराशाजनक रही। जहीर खान और ईशांत शर्मा ने घातक गेंदबाजी करते हुए कीवी टीम के शीर्ष तीन बल्लेबाजों को महज 23 रनों के स्कोर पर पेवेलियन की राह दिखा दी। इसके बाद टेलर और राइडर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपनी टीम को संकट से उबार लिया। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 271 रनों की साझेदारी की।
दूसरे टेस्ट में भारतीय टीम की कप्तानी कर रहे वीरेंद्र सहवाग ने टेलर और राइडर के तूफान को रोकने की भरपूर कोशिश की। उन्होंने खुद भी गेंदबाजी का मोर्चा संभाला लेकिन उन्हें कोई कामयाबी नहीं मिली। आखिरकार निरंतर आक्रामक होते जा रहे टेलर को हरभजन सिंह ने युवराज सिंह के हाथों लपकवाया। टेलर ने 204 गेंदों का सामना करते हुए 151 रनों की शानदार पारी खेली। उनकी इस शतकीय पारी में 26 चौके और एक छक्का शामिल था। उनके साथी राइडर ने 220 गेंदों पर नाबाद 137 रनों की पारी खेली। राइडर ने इस नाबाद शतकीय पारी में 17 चौके और एक छक्का लगाया।
भारतीय गेंदबाजों की बात करें तो मैच के पहले दिन उन्हें कुछ खास सफलता हासिल नहीं हुई। मैच की शुरुआत में जहीर की अगुवाई में भारतीय गेंदबाजों ने कीवी टीम को घेरने में कामयाबी पाई। परंतु टेलर और राइडर ने भारतीय गेंदबाजों के चक्रव्यूह को ध्वस्त कर दिया। न्यूजीलैंड को शुरूमें दो झटके देने वाले जहीर भी बाद में कुछ खास नहीं कर पाए। हालांकि वे सबसे सफल गेदबाज जरूर रहे। उन्होंने पहले दिन 23 ओवरों की गेंदबाजी की और 94 रन देकर दो विकेट हासिल किए। उनके अलावा ईशांत और हरभजन ने भी एक-एक विकेट अपने नाम किए।
दूसरे टेस्ट में भारतीय टीम में कुछ बदलाव भी हुए हैं। कप्तान महेंद्र सिंह धौनी फिट न होने की वजह से नहीं खेल रहे हैं। विकेटकीपर-बल्लेबाज दिनेश कार्तिक को टीम में जगह दी गई है।
उल्लेखनीय है भारत पहला टेस्ट मैच 10 विकेट से जीतकर तीन मैचों की श्रृंखला में 1-0 की बढ़त बनाए हुए है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।