डरबन के किंग्समीड मैदान पर सबसे अधिक 16 मैच खेले जाएंगे जबकि प्रिटोरिया के सेंचुरियन मैदान पर 12 मैच खेले जाने हैं। जोहांसबर्ग और केप टाउन में आठ-आठ मैच होंगे, जबकि पोर्ट एलिजाबेथ में सात और ईस्ट लंदन में चार मैच होंगे। बोएमफोंटेन और किंबर्ले के हिस्से में दो-दो मैच आए हैं।
दक्षिण अफ्रीका के तीसरे सबसे अधिक जनसंख्या वाले शहर डरबन में सर्वाधिक मैच कराने का फैसला संभवत: इसलिए लिया गया क्योंकि यहां भारतीय मूल के लोगों की संख्या सबसे अधिक है। डरबन में दक्षिण अफ्रीका का सबसे बड़ा बंदरगाह है।
दक्षिण अफ्रीका के पूर्व में हिंद महासागर के किनारे बसे इस शहर की 11.3 प्रतिशत जनसंख्या हिंदू और 3.2 प्रतिशत मुसलिम है। इस शहर की जनसंख्या लगभग 35 लाख है, जिसमें से लगभग चार लाख लोग भारतीय और एशियाई मूल के हैं। इस लिहाज से इस शहर में क्रिकेट के लिए उपयुक्त माहौल रहता है।
आईपीएल के दूसरे संस्करण के अंतर्गत होने वाले कुल 59 मैच आठ शहरों में खेले जाने हैं। ये शहर हैं-केप टाउन, जोहांसबर्ग, डरबन, प्रिटोरिया, ईस्ट लंदन, किंबर्ले, बोएमफोंटेन और पोर्ट एलिजाबेथ।
इस साल 18 अप्रैल से शुरू हो रहे इस टूर्नामेंट के सभी मैच भारतीय समयानुसार शाम चार बजे से और रात्रि आठ बजे से शुरू होंगे। इस टूर्नामेंट का सीधा प्रसारण सोनी टेलीविजन के विभिन्न चैनलों पर किया जाएगा।
खिताबी मुकाबला जोहांसबर्ग के वांडर्स स्टेडियम में 24 मई को खेला जाएगा जबकि पहला सेमीफाइनल 22 मई को प्रिटोरिया में तथा दूसरा सेमीफाइनल 23 मई को जोहांसबर्ग में खेला जाएगा। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला पिछले बार के विजेता राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के बीच केपटाउन के न्यूलैंड्स मैदान पर होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।