आस्ट्रेलिया के समाचार पत्र 'द आस्ट्रेलियन' के मुताबिक ब्रेट ली, रेयान हैरिस, शान मार्श, शॉन वॉटसन और शान टेट जैसे खिलाड़ी किसी न किसी कारण से बाहर रहते हुए राष्ट्रीय टीम में वापसी की बाट जोह रहे हैं। ऐसे में दक्षिण अफ्रीका की उछालयुक्त पिचों पर आईपीएल का आयोजन होना उनकी किस्मत का ताला खोल सकता है।
इससे सबसे अधिक फायदा ली को होगा, जो कुछ दिनों तक आस्ट्रेलिया के प्रमुख गेंदबाज थे और आज चोट के कारण टीम से बाहर हैं। भारत की सपाट पिचों पर ली के लिए आईपीएल के दौरान चमक बिखेरना कठिन था लेकिन अब उनके लिए वापसी के रास्ते खुलते दिख रहे हैं।
दक्षिण अफ्रीका की उछाल लेती तेज पिचों पर ली को अपनी गेंदों का असर चलने की उम्मीद है। इसके अलावा विश्व के सबसे तेज गेंदबाजों में एक टेट ट्वेंटी-20 विश्व कप के लिए अपनी दावेदारी पेश करेंगे जबकि वॉटसन का मकसद ट्वेंटी-20 विश्व कप के साथ-साथ एशेज श्रृंखला के लिए भी टीम में स्थान बनाना होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।