नेपियर के मैक्लीन पार्क पर भारत अभी भी 267 रनों से पीछे है और उसे पारी की हार टालने के लिए भी 67 रनों की दरकार है। दूसरी पारी में भारत के कार्यवाहक कप्तान सहवाग 21 गेंदों पर 22 रन बनाकर जीतन पटेल का शिकार बने। इससे पहले न्यूजीलैंड की पहली पारी के 619 रनों के जवाब में भारतीय टीमपहली पारी में महज 305 रनों पर ही सिमट गई।
दूसरे दिन के तीन विकेट पर 79 रन के स्कोर से आगे खेलते हुए भारतीय टीम ने तीसरे दिन सधी और सूझबूझ भरी शुरुआत की लेकिन वह इसे ज्यादा समय तक कायम न रख सकी। टीम ने सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़, वी.वी.एस. लक्ष्मण और युवराज सिंह का विकेट थोड़े-थोड़े अंतराल पर खो दिया। लक्ष्मण 76, द्रविड़ 83 और सचिन 49 रनों की पारी खेल कर आउट हुए। पहली पारी में कीवी टीम को 314 रनों की बढ़त हासिल हुई है।
तीसरे दिन सचिन के आउट होने के बाद 'दीवार' के नाम से मशहूर द्रविड़ और कलात्मक बल्लेबाज लक्ष्मण ने टीम को संकट से उबारने की पूरी कोशिश की लेकिन दोनों ही खेलने में सहज दिखती गेंद का शिकार बन गए। दोनों ने पांचवे विकेट के लिए 81 रन की साझेदारी की। जेस राइडर की गेंद पर द्रविड़ के आउट होते ही भारत की फालोऑन बचाने की उम्मीद भी धूमिल हो गई। युवराज सिंह खाता भी नहीं खेल पाए और क्रिस मार्टिन का शिकार बन गए। इस तरह भारत का मजबूत समझा जाने वाला बल्लेबाजी क्रम ताश के पत्तों की तरह ढह गया।
न्यूजीलैंड की ओर से मार्टिन सबसे सफल गेंदबाज रहे और उन्होंने तीन भारतीय बल्लेबाजों को पेवेलियन की राह दिखाई। उनके अलावा कप्तान डेनियल विटोरी, इयान ओ'ब्रायन और जीतन पटेल ने दो-दो विकेट लिए। राइडर ने भी एक विकेट अपने नाम किया।
इससे पहले जेस राइडर के दोहरे शतक और रॉस टेलर व ब्रैंडन मैक्कलम की शतकीय पारियों की बदौलत कीवी टीम ने अपनी पहली पारी नौ विकेट पर 619 रनों के स्कोर पर घोषित की थी।
उल्लेखनीय है कि भारत पहला टेस्ट मैच 10 विकेट से जीतकर तीन मैचों की श्रृंखला में 1-0 की बढ़त बनाए हुए है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*