न्यूजीलैंड के समाचार पत्र 'न्यूजीलैंड हेराल्ड' के मुताबिक चौथे दिन का खेल खत्म होने के बाद पत्रकारों से मुखातिब द्रविड़ ने कहा कि पांचवें दिन भारतीय टीम के सामने सबसे बड़ा लक्ष्य न्यूजीलैंड के स्कोर को छोड़कर पारी की हार के संकट को टालना होगा।
द्रविड़ ने कहा, "हमारे लिए शुरुआती दो घंटे काफी अहम होंगे। मेजबान टीम जोरदार वापसी करते हुए हमारा बाकी बचा विकेट गिराकर पारी की जीत दर्ज करना चाहेगी। हमारे बल्लेबाज अच्छा खेल रहे हैं लेकिन उन्हें शुरुआती दो घंटों में सावधान रहने की जरूरत है।"
दूसरे टेस्ट मैच की दोनों पारियों में अर्धशतक लगाकर अपनी टीम को मजबूती देने वाले द्रविड़ ने कहा कि चौथे दिन नाबाद लौटे गौतम गंभीर और सचिन तेंदुलकर को पूरे अनुशासन के साथ बल्लेबाजी करनी होगी।
बकौल द्रविड़, "गंभीर और तेंदुलकर को चौथे दिन जैसे अनुशासन के साथ बल्लेबाजी करनी होगी। हमारा काम आधा पूरा हुआ है। हमारे बल्लेबाजों को संयम के साथ विकेट पर टिके रहना होगा, तभी यह काम पूरा संपन्न होगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।