क्वालीफाईंग रेस में 16वां स्थान हासिल करने वाले टीम के प्रमुख चालक ए़्रिडयन सुतिल 10वें स्थान पर रहे जबकि 15वें स्थान से शुरुआत करने वाले गियानकार्लो फिजिकेला ने 12वां स्थान हासिल किया।
वर्ष 2008 सत्र में पहली बार फार्मूला वन सत्र में हिस्सा लेने वाली इस टीम के लिए यह अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। 2008 में सुतिल और फिजिकेला ज्यादातर रेस या तो पूरी नहीं कर सके या फिर 18वें या 20वें स्थान पर रहे थे।
माल्या ने इस सत्र में अपनी टीम के लिए दोहरी जीत का लक्ष्य रखा है। ठीक वैसी ही, जैसी रविवार को ब्राउन-मर्सडीज टीम ने हासिल की। जाहिर तौर पर माल्या अपनी टीम के प्रदर्शन से काफी खुश होंगे क्योंकि उन्हें पता है कि 1 नवंबर तक चलने वाले सत्र में उनके चालक इस मुकाम को हासिल कर सकते हैं।
बहरहाल, मैक्लॉरेन-मर्सडीज टीम के ब्रिटिश चालक और मौजूदा विश्व चैंपियन लुइस हेमिल्टन आस्ट्रेलियन ग्रां पी में तीसरे स्थान पर रहे।
रविवार को आयोजित मुख्य रेस का परिणाम निकलने के बाद हेमिल्टन चौथे स्थान पर थे लेकिन टोयोटा टीम के चालक जार्नो ट्रूली को अयोग्य घोषित किए जाने के बाद हेमिल्टन तीसरा स्थान हासिल करने में सफल रहे।
ट्रूली ने तीसरा स्थान हासिल किया था लेकिन रेस के बाद आयोजकों ने पाया कि उन्होंने सेफ्टी-व्हीकल के ट्रैक पर रहते हुए हेमिल्टन को ओवरटेक किया था। इस कारण ट्रूली पर 25 सेकेंड की पेनाल्टी लगाई गई।
2009 सत्र की पहली रेस ब्राउन-मर्सडीज टीम के चालक जेनसन बटन के नाम रही। क्वालीफाईंग में पहला स्थान हासिल करने वाले बटन ने पूरे 10 अंक हासिल किए। ब्राउन टीम के ही चालक रुबेंस बारिकेलो दूसरे स्थान पर रहे। बारिकेलो ने क्वालीफाईंग में दूसरा स्थान हासिल किया था।
सत्र की पहली रेस पिछले बार के उपविजेता फेरारी टीम के फिलिप मासा के लिए निराशाजनक रही। क्वालीफाईंग रेस में छठा स्थान हासिल करने वाले मासा 45वें लैप के बाद रेस से बाहर हो गए। मासा सहित कुल चार चालक रेस पूरी नहीं कर सके।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।