नेपियर में भारतीय बल्लेबाजों ने जगाई उम्मीद (राउंडअप)
नेपियर के मैक्लीन पार्क पर तीसरे दिन के स्कोर एक विकेट पर 47 रन से आगे खेलते हुए द्रविड़ और गौतम गंभीर ने सधी शुरुआत दी। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 124 रनों की साझेदारी की। द्रविड़ 62 रनों के स्कोर पर डेनियल विटोरी का शिकार बन गए। उन्होंने अपनी 62 रनों की सूझबूझ भरी पारी में 220 गेंदों का सामना किया। द्रविड़ ने छह चौके और एक छक्का भी लगाया। वह 241 मिनटों तक मैदान पर डंटे रहे।
द्रविड़ के आउट होने के बाद गंभीर और सचिन ने भी बेहतरीन तालमेल और धैर्य का परिचय दिया। दोनों ने चौथे दिन न सिर्फ तीसरे विकेट के लिए 89 रनों की साझेदारी की बल्कि पारी की हार के संकट को भी काफी हद तक कम कर दिया। गंभीर 102 और सचिन 58 रन बनाकर नाबाद हैं। भारत अभी भी 62 रनों से पीछे है।
चौथे दिन का सबसे बड़ा आकर्षण गंभीर की शतकीय पारी रही। गंभीर की इस पारी की अहमियत इसलिए भी ज्यादा हो जाती है कि उन्होंने अपने अंदाज से पूरी तरह उलट बल्लेबाजी की और यही टीम व समय की मांग भी थी। गंभीर ने 102 रन बनाने के लिए 290 गेंदों का सामना किया। उन्होंने अपनी पारी में 14 चौके जड़े। 24 वां टेस्ट खेल रहे गभीर के करियर का यह पांचवां शतक था।
मास्टर ब्लास्टर सचिन ने भी चौथे दिन मैक्लीन पार्क पर अपने अनुभव और शानदार बल्लेबाजी का नमूना पेश किया। सचिन ने 58 रनों की नाबाद पारी को वक्त की नजाकत को भांपते हुए खेला। उन्होंने 113 गेंदों का सामना करते हुए आठ चौके जड़े। उनके टेस्ट करियर का यह 52वां अर्धशतक है।
इससे पहले तीसरे दिन फालोऑन मिलने के बाद भारतीय टीम दूसरी पारी में मैच के तीसरे दिन ही सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के रूप में पहला झटका लगा था। वह 21 गेंदों में 22 रन बनाकर जीतन पटेल का शिकार बन गए थे।
तीसरे दिन कीवी टीम की पहली पारी के 619 रनों के जवाब में भारत की पहली पारी 305 रनों पर सिमट गई और वह फालोऑन बचाने में नाकाम रहा था। भारतीय टीम ने तीसरे दिन सचिन, द्रविड़, वी.वी.एस. लक्ष्मण और युवराज सिंह का विकेट थोड़े-थोड़े अंतराल पर खो दिया था। लक्ष्मण 76, द्रविड़ 83 और सचिन 49 रनों की पारी खेल कर आउट हुए थे।
उधर, जेस राइडर के दोहरे शतक और रॉस टेलर व ब्रैंडन मैक्कलम की शतकीय पारियों की बदौलत कीवी टीम ने मैच के दूसरे दिन ही अपनी पहली पारी नौ विकेट पर 619 रनों के स्कोर पर घोषित की थी।
उल्लेखनीय है कि भारत पहला टेस्ट मैच 10 विकेट से जीतकर तीन मैचों की श्रृंखला में 1-0 की बढ़त बनाए हुए है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications