कराची, 30 मार्च (आईएएनएस)। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने इंडियन क्रिकेट लीग (आईसीएल) के साथ करार करने वाले अपने बागी खिलाड़ियों की 'मुक्ति' के लिए अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) से मदद मांगने का फैसला किया है।
पीसीबी चाहता है कि वह बागियों में कुछ खिलाड़ियों को जून में इंग्लैंड में होने वाले ट्वेंटी-20 विश्व कप के लिए राष्ट्रीय टीम में शामिल करे और यही कारण है कि पीसीबी प्रमुख ने इस संबंध में पहल की है।
पीसीबी प्रमुख एजाज बट्ट ने सोमवार को कहा कि वह आईसीएल बागियों को राष्ट्रीय टीम में शामिल करने के पक्ष में हैं लेकिन इस संबंध में उन्हें आईसीसी के जवाब का इंतजार है।
बट्ट ने बताया कि उन्होंने इस मुद्दे को लेकर आईसीसी प्रमुख डेविड मोर्गन और मुख्य कार्यकारी अधिकारी हारुन लोगर्ट से बातचीत की है। पीसीबी को आईसीसी की ओर से अच्छी खबर का इंतजार है।
सूत्रों का कहना है कि चयनकर्ताओं ने पीसीबी से आईसीसी से विश्व कप के लिए संभावित टीम चुनने की अंतिम तारीख में 15 दिन की रियायत हासिल करने का प्रयास करने को कहा है। इस दौरान पीसीबी ज्यादा से ज्यादा बागियों को आईसीएल से करारमुक्त कराने का प्रयास करेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।