सहवाग ने नेपियर टेस्ट मैच में 137 रनों की बेशकीमती पारी खेलकर भारतीय टीम को हार के मुंह से बाहर निकालने वाले गंभीर की जमकर तारीफ की। गंभीर ने अपनी 436 गेंदों की पारी के दौरान 11 घंटे क्रिज पर बिताते हुए 18 चौके जड़े।
सहवाग ने कहा, "गंभीर के कारण ही हम नेपियर टेस्ट बचाने में सफल रहे। मैं समझता हूं कि हमारे लिए वह 'दूसरे दीवार' बनकर उभरे हैं। पहली पारी में नाकाम रहने के बाद गंभीर ने एक ऐसी पारी खेली, जो लंबे समय तक याद रखी जाएगी।"
सहवाग ने कहा कि भारतीय टीम को अब यह भरोसा हो चला है कि वह आसानी से टेस्ट मैचों में हथियार नहीं डालेगी।
बकौल कप्तान, "हमने 1999-2000 सत्र में आस्ट्रेलिया के खिलाफ यह कारनामा किया है। हमने 2004 में एडीलेड में भी खुद को हार के मुंह से खींचा और मैच जीतने में सफल रहे। हमें अब यकीन हो गया है कि हम ढाई दिनों तक आसानी से बल्लेबाजी कर सकते हैं।"
सहवाग ने कहा कि अब उनकी टीम का लक्ष्य गुरुवार से वेलिंग्टन में खेले जाने वाले टेस्ट मैच को जीतना है।
सहवाग ने कहा, "हम हालात से परेशान नहीं हैं। हम अच्छा खेल रहे हैं। इसी मनोदशा के साथ हम तीसरे टेस्ट मैच के लिए वेलिंग्टन रवाना होंगे। हम जानते हैं कि तीसरे टेस्ट मैच का नतीजा हमारे पक्ष में होगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।