नेपियर टेस्ट के बेनतीजा समाप्त होने के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान विटोरी ने कहा, "मैं अपने साथियों के प्रदर्शन से खुश हूं। हम लगभग तीन दिनों तक भारतीय टीम पर हावी रहे। मौजूदा हालात में हमारे लिए यह बड़ी उपलब्धि है। हेमिल्टन में खराब प्रदर्शन के बाद जोरदार वापसी करने से मुझे काफी संतोष मिला है।"
मेजबान टीम के कप्तान ने हालांकि पिच की स्थिति को लेकर नाखुशी जाहिर की। उन्होंने कहा, "हमने पिच से काफी अपेक्षा की थी लेकिन हमारे हाथ निराशा के अलावा और कुछ नहीं लगी। मैंने पिच को देखते हुए ही दो स्पिनरों के साथ खेलने का फैसला किया था। पूरे मैच के दौरान मुझे एक बार भी नहीं लगा कि इस पिच पर विकेट गिर सकते हैं।"
विटोरी ने भारतीय बल्लेबाजों, खासतौर पर गौतम गंभीर और वी.वी.एस लक्ष्मण की जमकर तारीफ की। कप्तान ने कहा, "गंभीर और लक्ष्मण हमारे हाथ से मैच खींच ले गए। एक समय हम बहुत अच्छी स्थिति में थे लेकिन गंभीर ने शतकीय पारी खेलकर हमें निराश कर दिया। पांचवें दिन भी हमें विकेट मिलने के आसार थे लेकिन लक्ष्मण और युवराज ने हमारे लिए सारे रास्ते बंद कर दिए।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।