शाहरुख, बुकानन और पिछले संस्करण के दौरान टीम के कप्तान रहे सौरव गांगुली की बैठक के बाद यह फैसला लिया गया कि कप्तान तो एक ही रहेगा लेकिन चार लोग उसके लिए रणनीतियां तय करने में मदद करेंगे।
फ्रेंचाइजी टीम ने अपने बयान में कहा कि टीम एक कप्तान के साथ ही आईपीएल के दूसरे संस्करण में हिस्सा लेगी। कप्तान कौन होगा, इसकी घोषणा नहीं की गई। इतना जरूर कहा गया है कि दक्षिण अफ्रीका में टीम की घोषणा के साथ कप्तान का नाम तय होगा।
बुकानन ने कुछ दिनों पहले यह कहकर गांगुली और उनके प्रशंसकों को चौका दिया था कि नाइट राइटर्ड्स टीम चार कप्तानों की देखरेख में आईपीएल के दूसरे संस्करण में हिस्सा लेगी।
बुकानन की इस घोषणा से गांगुली की त्यौरियां चढ़ गई थीं। उन्होंने इसे लेकर कुछ कहा नहीं था लेकिन संवाददाता सम्मेलन के दौरान उनके हाव-भाव से साफ लग रहा था कि प्रमुख कोच का यह फैसला उन्हें रास नहीं आया है।
इसे लेकर उनके प्रशंसकों ने काफी हो-हंगामा भी किया था। हालांकि ऐसा माना जा रहा था कि गांगुली के बड़े प्रशंसकों में एक शाहरुख इस मामले में हस्तक्षेप जरूर करेंगे क्योंकि इससे कप्तान और कोच के बीच लंबे समय तक चलने वाला खटास पैदा हो सकता था।
शाहरुख काफी समय तक चुप रहे लेकिन पिछले दिनों उन्होंने बुकानन और गांगुली के साथ अपने मुंबई स्थिति घर पर मुलाकात कर स्थिति को स्पष्ट कर दिया। शाहरुख के हस्तक्षेप के बाद फिलहाल यह मामला हल हो गया है लेकिन गांगुली टीम के कप्तान बने रहेंगे या नहीं, यह कहना मुश्किल है।
कप्तानी की दौड़ में न्यूजीलैंड के स्टार बल्लेबाज ब्रेंडन मैक्लम और वेस्टइंडीज के कप्तान क्रिस गेल भी शामिल हैं। गांगुली भारतीय टीम के सबसे सफल कप्तान रहे हैं। इस लिहाज से इस दौड़ में उनका पलड़ा भारी दिख रहा है लेकिन अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेना और पिछले संस्करण में अपने प्रदर्शन से टीम को प्रेरित कर पाने की नाकामी उनकी राह में रोड़ा बन सकती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।