पाकिस्तान के समाचार पत्र 'डेली टाइम्स' से बातचीत के दौरान यूनुस ने कहा, "हमारे लिए यह श्रृंखला बेहद अहम है। हम वहां पूरी क्षमता के साथ जाना चाहते हैं। यही कारण है कि मैंने चयनकर्ताओं से विशेष तौर पर अनुरोध किया है कि वे 100 प्रतिशत फिट खिलाड़ियों को ही टीम में शामिल करें।"
यूनुस के इस बयान के बाद विवादास्पद गेंदबाज शोएब अख्तर के लिए टीम में जगह बनाना मुश्किल दिख रहा है क्योंकि तमाम दावों के बावजूद वह अब तक अपनी फिटनेस साबित नहीं कर पाए हैं।
अख्तर ने कुछ दिनों पहले कहा था कि वह आस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलते हुए राष्ट्रीय टीम में वापसी करना चाहते हैं लेकिन चयनकर्ता उनके फिटनेस स्तर से अब तक संतुष्ट नहीं हो पाए हैं।
पाकिस्तान और आस्ट्रेलिया की टीमों के बीच 22 अप्रैल से सात मई तक संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में पांच एकदिवसीय और एक ट्वेंटी-20 मैच खेले जाने हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।