न्यूजीलैंड के साथ शुक्रवार से खेले जाने वाले तीसरे टेस्ट मैच की पूर्व संध्या पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए धौनी ने कहा कि वह तीसरे टेस्ट मैच में खेलेंगे या नहीं, इसका फैसला शुक्रवार को ही हो सकेगा।
बकौल धौनी, "मेरा खेलना पूरी तरह तय नहीं है। इस संबंध में मैं शुक्रवार को ही फैसला कर सकूंगा। वैसे भी मेरा खेलना या नहीं खेलना मायने नहीं रखता क्योंकि हमारी टीम में मेरे बगैर भी जीत हासिल करने की क्षमता है। भारतीय टीम सिर्फ मुझ पर आश्रित नहीं है।"
धौनी ने कहा कि उनकी पीठ की तकलीफ में सुधार है और गुरुवार को उन्होंने काफी वक्त तक बल्लेबाजी और विकेटकीपिंग की लेकिन अपनी फिटनेस को लेकर वह पूरी तरह आश्वस्त नहीं हो सके।
भारतीय कप्तान ने कहा, "पूरी तरह फिट हुए बगैर टेस्ट मैच में उतरना टीम के हित में नहीं। टेस्ट मैच में कम से कम 50 और अधिक से अधिक 120 ओवर तक विकेटकीपिंग करनी पड़ सकती है। पूरी तरह फिट हुए बगैर यह काम नहीं हो सकता।"
पीठ की तकलीफ के कारण धौनी नेपियर के मैक्लीन पार्क में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में नहीं खेल सके थे। उस मैच में वीरेंद्र सहवाग ने कार्यकारी कप्तान की भूमिका निभाई थी। दूसरा टेस्ट मैच बेनतीजा रहा था। तीन मैचों की श्रृंखला में भारतीय टीम 1-0 से आगे चल रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।