कराची, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के कप्तान यूनुस खान ने कहा है कि दक्षिण एशियाई क्रिकेट को बचाने के लिए एकीकृत मंच जरूरी हो गया है।
यूनुस ने कहा कि क्रिकेट को आतंकवाद के खतरे से बचाने के लिए भारत सहित दक्षिण एशियाई क्षेत्र के सभी प्रमुख टेस्ट खेलने वाले देशों को आगे आना होगा।
पाकिस्तानी कप्तान के मुताबिक आज की तारीख में सुरक्षा पाकिस्तानी क्रिकेट के लिए बड़ा मुद्दा बन चुका है।
यूनुस ने पत्रकारों से कहा, "सुरक्षा सिर्फ पाकिस्तान के लिए चिंता का विषय नहीं है। मेरे लिहाज से भारत, बांग्लादेश और श्रीलंका भी इस समस्या से परेशान हैं। ऐसे में इन देशों के पास एकजुट होने के सिवाय और कोई चारा नहीं।"
यूनुस ने कहा कि तमाम मुश्किलों के बावजूद 2011 विश्व कप भारतीय उपमहाद्वीप में ही खेला जाएगा।
उन्होंने कहा, "हमारी विश्व कप की मेजबानी को कोई खतरा नहीं लेकिन इसके सफल और सुरक्षित आयोजन के लिए हमें संयुक्त रूप से रणनीति बनानी होगी क्योंकि सिर्फ इसी के बूते हम आतंकवाद का सामना कर सकते हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।