आस्ट्रेलिया के समाचार पत्र 'सिडनी मार्निंग हेराल्ड' के मुताबिक इस टीम में सायमंड्स के अलावा तीन नए चेहरों को भी जगह दी गई है।
नए चेहरों में पश्चिमी आस्ट्रेलिया के स्पिनर एरॉन हील, विक्टोरिया प्रांत के बल्लेबाज रॉब क्वीनी और दक्षिण आस्ट्रेलिया के विकेटकीपर बल्लेबाज ग्राहम मैनाउ शामिल हैं।
पत्र लिखता है कि विश्व कप के संभावितों में जगह पाने के साथ सायमंड्स अपने बिखरे अंतर्राष्ट्रीय करियर को एक बार फिर संवार सकते हैं।
पिछले साल जून में डार्विन में मछली पकड़ने के प्रकरण के बाद से टीम से बाहर चल रहे सायमंड्स अब तक अपना स्थान पक्का नहीं कर सके हैं।
विश्व कप के लिए केवल 15 खिलाड़ियों का चयन होना है, लिहाजा सायमंड्स को अपने खेल और व्यवहार के साथ चयनकर्ताओं का विश्वास जीतना होगा। इसके अलावा सायमंड्स को जुलाई में खेली जाने वाली एशेज श्रृंखला के लिए भी टीम में जगह पाने की कोशिश करनी होगी।
सायमंड्स के लिए अच्छी खबर यह है कि उनके बाहर रहने के दौरान और कोई हरफनमौला खिलाड़ी टीम में अपनी जगह पक्की नहीं कर सका है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।