भारत और न्यूजीलैंड के बीच स्थानीय बेसिन रिजर्व मैदान पर खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच के पहले दिन शुक्रवार को भोजनकाल के दौरान हेडली को इस सूची में शामिल किया गया।
इस अवसर पर आईसीसी अध्यक्ष डेविड मोर्गन और मुख्य कार्यकारी अधिकारी हारुन लोगर्ट ने हेडली को प्रतीकात्मक टोपी पहनाकर सम्मानित किया। 57 वर्षीय हेडली को 1981 में 'मेंबर ऑफ ब्रिटिश एंपायर' और 1990 में 'सर' की मानद उपाधि से नवाजा गया था।
समारोह के दौरान हेडली ने कहा, "मैं यह सम्मान पाकर बहुत खुश हूं। मैं भाग्यशाली हूं कि आईसीसी ने मेरी उपलब्धियों के कारण मेरा सम्मान किया है। मैं उस सूची का हिस्सा बनकर बेहद गर्व महसूस कर रहा हूं जिसमें वे खिलाड़ी शामिल हैं जिन्हें खेलते देखकर मैं बड़ा हुआ था।"
हेडली ने कहा कि इस मौके पर उन्हें अपने पिता वॉल्टर हेडली की याद आ रही है। हेडली ने कहा, "आज मुझसे अधिक मेरे पिता को खुशी होती। वह हमेशा कहा करते थे कि कठिन मेहनत करनी चाहिए और हमेशा जीतने के लिए ही खेलना चाहिए। उन्होंने मुझे सिखाया कि खेल के दौरान किसी प्रकार की अभद्रता नहीं करनी चाहिए क्योंकि क्रिकेट जगत भद्र पुरुषों को बहुत सम्मान के साथ याद करता है।"
इस अवसर पर मोर्गन ने कहा, "इसमें कोई शक नहीं कि हेडली क्रिकेट जगत के महानतम हरफनमौला खिलाड़ियों में एक हैं। जिस खिलाड़ी के नाम 431 विकेट और 3124 रन दर्ज हों, उसके बारे में भला और क्या कहना। हेडली ने सबसे पहले 400 टेस्ट विकेट लेकर दूसरों के लिए एक मील का पत्थर रखा था। उन्हें सम्मानित करते हुए आईसीसी को प्रसन्नता हो रही है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।