वेलिंग्टन के बेसिन रिजर्व मैदान पर कीवी कप्तान डेनियल विटोरी ने टॉस जीतकर भारतीय टीम को पहले बल्लेबाजी का न्यौता दिया। सर्द हवाओं के बीच कीवी गेंदबाजों ने शानदार गेंदबाजी करते हुए भारतीय टीम के दिग्गज बल्लेबाजों को एक के बाद एक निपटा दिया।
सलामी बल्लेबाजों वीरेंद्र सहवाग और गौतम गंभीर ने टीम को अच्छी शुरुआत दी लेकिन 73 के कुल स्कोर पर दोनों की जोड़ी टूट गई। सहवाग 51 गेंदों पर तेज 48 रन बनाकर इयान ओ'ब्रायन की गेंद पर विकेटकीपर ब्रैंडन मैकलम के हाथों लपक लिए गए। इसके बाद दूसरे टेस्ट में शानदार शतक जड़ककर भारत की हार टालने वाले गंभीर भी 23 रन बनाकर चलते बने। मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने 62 रनों की पारी खेली और क्रिस मार्टिन का शिकार बने। कप्तान धौनी भी 52 रन बनाकर आउट हुए। वी.वी.एस. लक्ष्मण महज चार बनाकर आउट हो गए। युवराज सिंह भी नौ रनों के स्कोर पर पगबाधा करार दिए गए।
न्यूजीलैंड की ओर से सभी गेंदबाजों ने अच्छी गेंदाबाजी की। मार्टिन अब तक सबसे सफल गेंदबाज साबित हुए हैं। उन्होंने दो विकेट झटके। उनके अलावा टिम साउथी, ओ'ब्रायन, जेम्स फ्रैंकलिन और जेस राइडर ने एक-एक विकेट लिए।
उल्लेखनीय है कि श्रृंखला में पहला मैच 10 विकेट से जीतकर भारत 1-0 से बढ़त बनाए हुए है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*