कीवी पारी 197 रनों पर सिमटी, भारत को 182 रनों की बढ़त (लीड-3)
वेलिंग्टन, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली जा रही टेस्ट श्रृंखला के तीसरे और आखिरी मैच के दूसरे दिन भारतीय गेंदबाजों की शानदार गेंदबाजी के आगे कीवी टीम पहली पारी में 197 रनों पर सिमट गई। भारतीय टीम को 182 रनों की बढ़त हासिल हो गई।
वेलिंग्टन के बेसिन रिजर्व मैदान पर दूसरे दिन जहीर खान की अगुवाई में भारतीय गेंदबाजों ने कीवी टीम के लिए मुश्किलें खड़ी कर दीं। जहीर कीवी टीम पर कहर बनकर टूटे। उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए न्यूजीलैंड के पांच बल्लेबाजों की पेवेलियन की राह दिखाई। कीवी टीम के स्कोर में कुल 21 रन जुड़े थे कि जहीर ने सलामी बल्लेबाज मार्टिन गुपटिल को बोल्ड कर दिया। इसके बाद उन्होंने टिम मैक्लंटॉस (32 रन), डेनियल फ्लिन (2 रन), जेस राइडर (3 रन) और टिम साउथी (16 रन) को पेवलियन की राह दिखा दी।
जहीर के बाद हरभजन ने भी कीवियों के संकट को और बढ़ा दिया। उन्होंने रॉस टेलर (42 रन), जेम्स फ्रैंकलिन (15 रन) और ब्रैंडन मैकलम (24 रन) को शिकार बनाया। कीवी कप्तान डेनियल विटोरी 11 रनों के स्कोर पर ईशांत की गेंद पर विकेट के पीछे लपक लिए। मुनाफ पटेल ने भी एक विकेट अपने नाम किया।
न्यूजीलैंड की ओर से दूसरे दिन ऐसा कोई बल्लेबाज नहीं दिखा जिसने भारतीय गेंदबाजों का सहजता से सामना किया हो। टेलर ने सर्वाधिक 42 रनों की पारी खेली। उनके अलावा विकेटकीपर बल्लेबाज मैकलम ने संघर्ष करने की भरपूर कोशिश की लेकिन उन्होंने भी 24 रन बनाकर पेवेलियन की राह पकड़ ली।
इससे पहले खेल के दूसरे दिन भारतीय टीम पहले दिन के स्कोर नौ विकेट पर 375 रन से आगे खेलते हुए महज चार रन जोड़ सकी और उसने पहली पारी में 379 रनों का स्कोर खड़ा किया। भारत की ओर से सचिन तेंदुलकर, हरभजन सिंह और कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने अर्धशतकीय पारियां खेलीं।
उल्लेखनीय है कि श्रृंखला में पहला मैच 10 विकेट से जीतकर भारत 1-0 से बढ़त बनाए हुए है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications