चालकों को आधे-आधे अंक दिए गए। बटन ने 2009 में सत्र में दूसरी जीत हासिल की। उन्होंने पिछले रविवार को आयोजित आस्ट्रेलियन ग्रां पी में भी जीत हासिल की थी।
टोयोटा टीम के चालक टिमो ग्लॉक दूसरे स्थान पर रहे जबकि बीएमडब्ल्यू-साउबर टीम के जर्मन चालक निक हेडफेल्ड तीसरे स्थान पर रहे।
मुख्य रेस की शुरुआत से लगभग दो घंटे पहले से ही सेपांग सर्किट पर बादलों ने डेरा डाल लिया था। हालात रेस के लायक नहीं दिख रहे थे लेकिन काफी मशक्कत के बाद आखिरकार रेस निर्देशक चार्ली व्हाइटनिंग ने रेस शुरू करने की घोषणा की।
30वें लैप तक सबकुछ ठीक चलता रहा लेकिन जैसे ही चालकों ने पहला पिट-स्टाप के लिए रुकना शुरू किया, मौसम में अचानक तब्दीली आई और तूफानी गरज के साथ जबरदस्त बरसात शुरू हो गई।
कुछ मिनटों के भीतर ही बारिश इतनी तेज हो गई कि रेस के लायक हालात नहीं रह गए। चालक अपनी गाड़ियों के साथ ट्रैक पर फिसलने लगे। एहतियात के तौर पर सेफ्टी-व्हीकल को ट्रैक पर उतारना पड़ा। इसके बाद व्हाइटनिंग ने रेस समाप्त करने की घोषणा कर दी।
बहरहाल, दो रेसों से ब्राउन जीपी टीम ने 25 अंक (कंट्रक्टर की तालिका के अनुसार) जुटा लिए हैं जबकि टोयोटा के 16.5 अंक हैं। मौजूदा चैंपियन लुइस हेमिल्टन द्वारा अंक हासिल करने के बाद मैक्लारेन टीम ने भी अपना खाता खोल लिया है लेकिन फेरारी टीम अब तक खाता नहीं खोल पाई है।
मलेशियन ग्रां पी में फेरारी टीम के चालक फिलिप मासा जहां नौवें स्थान पर रहे वहीं किमी राइकोनेन 14वें स्थान पर खिसक गए। 2009 सत्र की अगली रेस चाइनीज ग्रां पी के अंतर्गत 19 अप्रैल को शंघाई में होनी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।