नई दिल्ली, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। ऐसे में जबकि राहुल द्रविड़ ने टेस्ट मैचों में सर्वाधिक कैच लेने के आस्ट्रेलियाई खिलाड़ी मार्क वॉ के रिकार्ड को पीछे छोड़ दिया है, इस बात पर गौर करना जरूरी हो गया है कि क्या वह भारत के सर्वश्रेष्ठ स्लिप फील्डर हैं?
इसके लिए न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज टिम मैकलंटॉस के बल्ले से निकले उस कैच पर ध्यान देना होगा, जिसे लपककर द्रविड़ ने वॉ को पीछे छोड़ा। द्रविड़ ने जहीर खान की गेंद पर निकले उस कैच को जमीन से महज कुछ इंच ऊपर लपका। वह बहुत बढ़िया तो नहीं लेकिन एक अच्छा कैच था। ऐसे कैच को लपकने के लिए बेहतर पूर्वानुमान, चपलता, शानदार टाइमिंग और अपेक्षाकृत लचीले हाथों की जरूरत होती है। जाहिर तौर पर द्रविड़ के पास ये सभी गुण हैं और इसी के दम पर उन्होंने इस कैच को अपेक्षाकृत आसान बना दिया।
द्रविड़ ने अपना पूरा करियर सचिन तेंदुलकर के रिकार्डो की छत्रछाया में बिताया है। तेंदुलकर के बल्ले से निकले रनों के अंबार, शतकों की संख्या और लोकप्रियता के आगे द्रविड़ के कई रिकार्ड दबकर रह गए लेकिन यही एक रिकार्ड है, जहां वह मास्टर ब्लास्टर से कोसों आगे दिखाई दे रहे हैं।
यह अजीब संयोग है कि भारत के लिए सबसे अधिक कैच लेने वाले ज्यादातर खिलाड़ी शीर्ष क्रम के बल्लेबाज रहे हैं। सचिन तेंदुलकर, द्रविड़, मोहम्मद अजहरूद्दीन और सुनील गावस्कर ने स्लिप में रहकर ही अपने करियर के 90 प्रतिशत से अधिक कैच लपके हैं। अजहर अपवाद हो सकते हैं क्योंकि उन्हें भारत का सबसे अच्छा हरफनमौला फील्डर कहा जाता है।
भारत ही नहीं दुनिया के कई अन्य शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों-बॉबी सिंपसन, मार्क वॉ, मार्क टेलर, स्टीफन फ्लेमिंग, एलन बार्डर, मैथ्यू हेडन, ग्रेग चैपल, विवि रिचर्डस, ब्रायन लारा, रिकी पोंटिंग ग्रीम स्मिथ, ग्राहम गूच और माहेला जयवर्धने भी सफल स्लिप फील्डरों में शामिल रहे हैं। इन सबने 100 से अधिक कैच लपके हैं। इससे साफ है कि स्लिप में वही फील्डर सफल हो सकता है जिसके पास बेहतर एकाग्रता हो।
स्लिप में खड़े होने वाले खिलाड़ियों के लिए लंबी एकाग्रता के अलावा जबरदस्त अभ्यास की जरूरत होती है। जाहिर तौर पर द्रविड़, गावस्कर और तेंदुलकर में ये गुण हैं लेकिन एकाग्रता के मामले में द्रविड़ इन दोनों से थोड़े बीस हैं। यही कारण है कि उन्हें 'दीवार' कहा जाता है। यह एकाग्रता ही है, जिसके दम पर द्रविड़ ने भारत के लिए सबसे अधिक दोहरे शतक लगाए हैं।
वॉ ने कुछ दिनों पहले कहा था कि द्रविड़ मौलिक स्पिल फील्डर नहीं हैं। जाहिर तौर पर द्रविड़ खुद वॉ और स्टीफन फ्लेमिंग की तरह सफल स्लिप फील्डर नहीं हैं लेकिन उन्हें भारत का सर्वश्रेष्ठ स्लिप फील्डर तो कहा ही जा सकता है। और कुछ नहीं तो कम से कम रिकार्ड तो इस बात का गवाह हैं ही।
टेस्ट मैचों में अब तक 28 खिलाड़ियों ने 100 से अधिक कैच लपके हैं। इनमें भारत के पांच खिलाड़ी शामिल हैं। भारत की ओर से द्रविड़ ने 134 मैचों में 183 कैच लिए हैं जबकि वी.वी.एस. लक्ष्मण ने 105 मैचों में 111 कैच, गावस्कर ने 125 मैचों में 108 कैच, अजहरुद्दीन ने 99 मैचों में 105 कैच और तेंदुलकर ने 159 मैचों में 102 कैच लपके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।