पाकिस्तान के समाचार पत्र 'डेली टाइम्स' से बातचीत के दौरान बट्ट ने कहा कि 22 अप्रैल से सात मई तक प्रस्तावित श्रृंखला अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित होगी।
बट्ट ने कहा, "श्रृंखला के टाले जाने या फिर रद्द होने की खबरों में कोई दम नहीं है। मैं फिर कह रहा हूं कि यह श्रृंखला अपने नियत समय पर ही होगी। इसके लिए तैयारियां की जा रही हैं। इस श्रृंखला के लिए सुरक्षा सबसे बड़ा मुद्दा है लेकिन हम दोनों टीमों की सुरक्षा की व्यवस्था समय रहते कर लेंगे।"
बट्ट ने बताया इस श्रृंखला के लिए कुछ प्रायोजक सामने आए हैं। पीसीबी अध्यक्ष ने हालांकि स्वीकार किया कि वैश्विक वित्तीय संकट के कारण बड़े प्रायोजकों ने इस श्रृंखला में रुचि नहीं दिखाई है।
बकौल बट्ट, "अगले दो दिनों में हम प्रायोजकों के नामों की घोषणा करेंगे, हालांकि इनमें कोई बड़ा प्रायोजक शामिल नहीं है लेकिन हमने जरूरत के मुताबिक प्रायोजकों का इंतजाम कर लिया है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।