श्रीलंका ने पाकिस्तानी बस चालक को सम्मानित किया (लीड-1)
कोलंबो, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। लाहौर में तीन मार्च को श्रीलंकाई टीम के काफिले पर हुए आतंकवादी हमले के दौरान अपनी बहादुरी और सूझबूझ से श्रीलंकाई खिलाड़ियों की जान बचाने वाले पाकिस्तान के बस चालक को सोमवार को श्रीलंका सरकार की ओर से सम्मानित किया गया।
पाकिस्तानी बस चालक मोहम्मद खलील सोमवार को श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (एसएलसी) के मुख्यालय में आयोजित एक समारोह में अपने पूरे परिवार के साथ शामिल हुए। खलील श्रीलंका सरकार के विशेष निमंत्रण पर कोलंबो पहुंचे थे।
इस अवसर पर श्रीलंका क्रिकेट टीम के कप्तान कुमार संगकारा ने कहा, "आज हम एक ऐसे शस्त्रविहीन व्यक्ति का सम्मान करने के लिए एकत्रित हुए हैं जिसने अपने साहस, सूझबूझ और अपने कार्य के प्रति समर्पण के दम पर हमारी जान बचाई। हम सिर्फ खलील के कारण ही यहां मौजूद हैं। मैं अपने देश और पूरी श्रीलंकाई टीम की तरफ से खलील का धन्यवाद करता हूं।"
अपने सम्मान से अभिभूत खलील ने कहा, "मैंने अपने देश पाकिस्तान और श्रीलंकाई खिलाड़ियों के लिए यह सब किया। मेरी नजर में श्रीलंकाई खिलाड़ी हमारे दूत थे। मैं बार-बार यह काम करना चाहता हूं।"
एसएलसी, खेल मंत्रालय और कुछ नीजि कंपनियों ने खलील को 21,800 डॉलर का पुरस्कार दिया। इसके अलावा कई होटल मालिकों ने खलील को पूरे परिवार के साथ आठ दिन की यात्रा का प्रस्ताव दिया है। श्रीलंका का प्रमुख समाचार पत्र 'डेली न्यूज' पहले ही खलील को श्रीलंका में सपरिवार छुट्टियां बिताने का प्रस्ताव दे चुका है।
अभिनंदन समारोह के दौरान पूर्व कप्तान माहेला जयवर्धने ने कहा, "खलील हम आपको हमेशा याद रखेंगे। आप हमारे हीरो हैं।" आतंकवादी हमले के दौरान जयवर्धने भी जख्मी हुए थे।
लाहौर के लिबर्टी चौक के पास हुए आतंकी हमले में छह पुलिसकर्मी मारे गए थे जबकि श्रीलंका के छह खिलाड़ी जख्मी हुए थे।
गोलीबारी के बीच खलील ने टीम की बस को सुरक्षित गद्दाफी स्टेडियम पहुंचाकर एक बहुत बड़ी घटना को टाल दिया था। घटना के बाद टीम की बस में गोलियों के 25 सुराख पाए गए थे जबकि श्रीलंका के स्टार बल्लेबाज थिलन समरवीरा बुरी तरह जख्मी हुए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications