ब्रिटेन के समाचार पत्र 'द टेलीग्राफ' के मुताबिक 17 सदस्यीय टीम में जगह पाने वाले नए खिलाड़ियों में ग्रेनेडा के तेज गेंदबाज नेलोन पास्कल, बारबाडोस के बल्लेबाज डेल रिचर्ड्स और जमैका के मध्यम गति के गेंदबाज एंड्रयू रिचर्डसन शामिल हैं।
अनुभवी तेज गेंदबाज डरेन पॉवेल को टीम में जगह नहीं मिली है। पॉवेल ने पिछले 14 टेस्ट मैचों में सिर्फ 25 विकेट लिए हैं। इसके अलावा हरफनमौला रेयान हाइंड्स भी टीम से बाहर रखे गए हैं।
वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड (डब्ल्यूआईसीबी) के चयन प्रमुख क्लाइड बट्स ने कहा कि रिचर्डसन ने घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन किया है और इस लिहाज से वह टीम में जगह पाने के हकदार हैं।
वेस्टइंडीज टीम इस प्रकार है : क्रिस गेल, दिनेश रामदीन, लियोन बेकर, सुलेमान बेन, डेविड बर्नाड, शिवनारायण चंद्रपॉल, नरसिंह देवनारायण, फिडेल एडवर्ड्स, ब्रेंडन नैश, नेलोन पास्कल, डेल रिचर्ड्स, एंड्रयू रिचर्ड्सन, डरेन सैमी, रामनरेश सरवन, लेंडल सिमंस, डेवोन स्मिथ और जेरोम टेलर।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।