बीसीसीआई सचिव एन. श्रीनिवासन ने मंगलवार को कहा, "बीसीसीआई अध्यक्ष शशांक मनोहर ने न्यूजीलैंड में जीत हासिल करने वाली टीम को बधाई दी है। साथ ही अध्यक्ष ने सभी खिलाड़ियों को 15-15 लाख रुपये बोनस के तौर पर देने की घोषणा की। सहयोगी दल के सदस्यों को 10-10 लाख रुपये दिए जाएंगे।"
भारत ने तीन मैचों की टेस्ट श्रृंखला में न्यूजीलैंड को 1-0 से पराजित किया। वेलिंग्टन में खेला गया तीसरा मैच जीतकर भारतीय टीम अपनी जीत के अंतर को 2-0 कर सकती थी लेकिन बारिश के कारण वह ऐसा नहीं कर सकी।
इससे पहले खेली गई पांच मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला में भारतीय टीम 3-1 से विजयी रही थी। एक मैच रद्द हुआ था। दो मैचों की ट्वेंटी-20 श्रृंखला न्यूजीलैंड ने 2-0 से जीती थी।
भारत ने न्यूजीलैंड में 41 साल बाद पहली टेस्ट श्रृंखला जीती है। वर्ष 1968 मंसूर अली खान नवाब पटौदी की कप्तानी में भारतीय टीम ने मेजबान टीम को 3-1 से परााजित किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।