भारतीय टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धौनी के नाम जारी संदेश में राष्ट्रपति ने कहा कि भारतीय टीम ने शानदार खेल के माध्यम से करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों का दिल जीतने के साथ-साथ राष्ट्र का मान बढ़ाया है।
अपने संदेश में राष्ट्रपति ने कहा, "मैं आपकी टीम के सभी सदस्यों को न्यूजीलैंड के खिलाफ 41 साल बाद जीत हासिल करने पर बधाई देती हूं। देश के लिए यह गौरव का क्षण है। मैं टीम के सभी सदस्यों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देती हूं।"
भारत ने तीन मैचों की टेस्ट श्रृंखला में न्यूजीलैंड को 1-0 से पराजित किया है। वेलिंग्टन में खेला गया तीसरा मैच जीतकर भारतीय टीम अपनी जीत के अंतर को 2-0 कर सकती थी लेकिन बारिश के कारण वह ऐसा नहीं कर सकी।
इससे पहले खेली गई पांच मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला में भारतीय टीम 3-1 से विजयी रही थी। एक मैच रद्द हुआ था। दो मैचों की ट्वेंटी-20 श्रृंखला न्यूजीलैंड ने 2-0 से जीता था।
भारत टीम ने न्यूजीलैंड में 41 साल बाद पहली टेस्ट श्रृंखला जीती है। वर्ष 1968 मंसूर अली खान नवाब पटौदी की कप्तानी में भारतीय टीम ने मेजबान टीम को 3-1 से परााजित किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।