तीसरे टेस्ट मैच के बाद पत्रकारों से मुखातिब विटोरी ने कहा, "हम अंतिम टेस्ट मैच में भारतीय टीम पर हावी रहे। इसके अलावा हमने दिसंबर में वेस्टइंडीज के खिलाफ भी अच्छा प्रदर्शन किया था। इससे साफ है कि हमारा भविष्य अच्छा है।"
वर्ष 1994 में अपने अंतर्राष्ट्रीय करियर का आगाज करने वाले विटोरी ने पिछले 15 वर्षो में कई बार अपनी टीम का उतार-चढ़ाव भरा सफर देखा है। उन्होंने कहा, "हमने कई मौकों पर दूसरी टीमों को दोयम साबित किया है लेकिन कई मौकों पर हम अपने प्रदर्शन की निरंतरता कायम नहीं रख सके हैं। हमारी सबसे बड़ी समस्या यही है।"
विटोरी ने टेस्ट श्रृंखला के दौरान शानदार प्रदर्शन करने वाले बल्लेबाज जेस राइडर और गेंदबाज क्रिस मार्टिन की जमकर तारीफ की। राइडर ने इस श्रृंखला के तीन मैचों में दो शतकों के माध्यम से 327 रन जुटाए जबकि मार्टिन ने 14 विकेट अपने नाम किए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।