41 वर्ष बाद न्यूजीलैंड में जीत हासिल करने पर भारतीय टीम को बधाई देते हुए विश्वनाथ ने कहा, "हमारी टीम पिछले कुछ वर्षो से शानदार प्रदर्शन कर रही है। इस जीत से खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ेगा और आने वाले दिनों में वे और अच्छा प्रदर्शन करेंगे।"
अपने समय के धुरंधर बल्लेबाज विश्वनाथ ने कहा कि सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर इस श्रृंखला की खोज हैं, क्योंकि उन्होंने क्रिकेट के तीन प्रारूपों में अपनी प्रतिभा को साबित किया है।
बकौल विश्वनाथ, "गंभीर शानदार खेल दिखा रहे हैं। वे न्यूजीलैंड दौरे की खोज हैं। टेस्ट, एकदिवसीय और ट्वेंटी-20 में एक साथ उनकी सफलता के कारण टीम को काफी फायदा पहुंचा है।"
विश्वनाथ ने खुशी जताई कि एक महत्वपूर्ण श्रृंखला में टीम के सीनियर बल्लेबाज-सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़ और वी.वी.एस. लक्ष्मण लोगों की आकांक्षाओं पर खरे उतरे।
उन्होंने कहा, "हमारे तीन प्रमुख सीनियर खिलाड़ियों ने प्रेरणादायी प्रदर्शन किया। मैं अपनी टीम की गेंदबाजी से भी काफी खुश हूं। जहीर खान दुनिया के बेहतरीन सीमर के रूप में सामने आए हैं जबकि हरभजन सिंह अपने पुराने साथी अनिल कुंबले का स्थान लेने में सफल रहे हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।