तीसरे टेस्ट के पांचवें और आखिरी दिन भोजन काल के बाद भारत न्यूजीलैंड के आठ विकेट चटका कर जीत की ओर बढ़ रहा था तभी अचानक बारिश शुरू हुई और अंतत: मैच को ड्रा घोषित करना पड़ा। उस समय कप्तान डेनियल विटोरी 15 और इयेन ओब्रायन 19 रन बनाकर खेल रहे थे। वेलिंग्टन में अंतिम दिन का खेल ऐसे समय बंद करना पड़ा जब भारत को जीत के लिए मात्र दो विकेट लेने थे।
तीसरे टेस्ट में भारत ने पहली पारी में जहां 379 रन बनाए वहीं न्यूजीलैंड को 197 रन पर आउट करने में सफलता प्राप्त की। दूसरी पारी में भारत ने सात विकेट पर 434 रन बनाए और न्यूजीलैंड के समक्ष जीत के लिए 617 रनों का लक्ष्य रखा। न्यूजीलैंड की टीम ने कल के चार विकेट पर 167 रन से आगे खेलना शुरू किया और मैच बंद किए जाने तक उसने आठ महत्वपूर्ण विकेट गंवा दिए थे और ऐसा लग रहा था कि श्रृंखला में भारत की दूसरी जीत अब महज औपचारिकता ही रह गई है लेकिन तभी बारिश ने सारा मजा किरकिरा कर दिया।
इससे पहले भारतीय ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह के अलावा मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने भी गेंद से कमाल दिखाया और कीवियों को बैकफुट पर धकेल दिया था। कल के नाबाद बल्लेबाज रॉस टेलर और जेम्स फ्रेंकलिन ने 59 रन जोड़े। इसी बीच टेलर ने 158 गेंदों पर 15 चौकों की मदद से अपना शतक पूरा किया।
न्यूजीलैंड की हार टालने के लिए संघर्ष कर रही इस जोड़ी को हरभजन सिंह ने तोड़ा। उन्होंने टेलर को 107 रन के निजी स्कोर पर बोल्ड कर दिया। दोनों खिलाड़ियों ने पांचवे विकेट के लिए 142 रनों की साझेदारी की। इसके बाद ब्रेंडन मैकलम ने फ्रेंकलिन के साथ मिलकर टीम को संभालने की कोशिश की लेकिन राहुल द्रविड़ ने सचिन की गेंद पर उनका शानदार कैच लपकते हुए उन्हें छह रन पर पेवेलियन चलता किया। कुछ देर बाद ही सचिन का अगला शिकार फ्रेंकलिन बने।
न्यूजीलैंड की ओर से रॉस टेलर ने दूसरी पारी में शतक लगाया लेकिन बाकी बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर पाए। पांचवे दिन का खेल शुरू होने पर न्यूजीलैंड ने चार विकेट पर 167 रन से आगे खेलना शुरू किया और बारिश के कारण खेल बाधित होने तक न्यूजीलैंड की टीम भारत के 617 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए आठ विकेट के नुकसान पर 281 रन बना चुकी थी।
गौतम गंभीर को 'मैन ऑफ द मैच' चुना गया। उन्होंने भारत की दूसरी पारी में शानदार 167 रन बनाए थे। श्रृंखला में यह उनका दूसरा शतक था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*