वेबसाइट 'स्पोर्टिगलाइफ डॉट कॉम' के मुताबिक वर्ष 2005 में दक्षिण अफ्रीकी टीम के कोच बनने वाले आर्थर ने साफ किया कि वह अपनी मौजूदा टीम के साथ ही बने रहना चाहते हैं।
काफी समय से खबरें आ रही थीं कि इंग्लैंड व वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) उन्हें बर्खास्त कोच पीटर मूर्स के स्थान पर राष्ट्रीय टीम को प्रशिक्षित करने की जिम्मेदारी सौंपना चाहता है लेकिन आर्थर के इंकार के बाद ये अटकलें खत्म हो गई हैं।
आर्थर ने कहा, "इंग्लैंड टीम का कोच बनना बहुत महत्वपूर्ण काम है। मैं इस बात को बहुत मुश्किल से हजम कर पाता हूं कि कोई महत्वाकांक्षी व्यक्ति इस टीम का कोच बनने से इंकार करेगा। मैं इस पद को पाकर सम्मानित महसूस करूंगा लेकिन मैं बताना चाहता हूं कि दक्षिण अफ्रीकी टीम के साथ मेरा करार 2011 तक है और मैं इस टीम के प्रति बेहद समर्पित हूं।"
ईसीबी ने जिन पांच लोगों को कोच पद के संभावितों की सूची में शामिल किया है उनमें आर्थर के अलावा इंग्लैंड टीम के मौजूदा कार्यकारी कोच एंडी फ्लावर, वेस्टइंडीज के कोच जान डायसन, केंट के ग्राहम फोर्ड और न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान जान राइट शामिल हैं।
भारतीय टीम के कोच गैरी कर्स्टन का भी नाम इसमें शामिल किया जा रहा था लेकिन कर्स्टन और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने इस संभावना को नकार दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।