न्यूजीलैंड में श्रृंखला फतह करने के बाद भारतीय टीम स्वदेश लौटी
कुछ दिनों के आराम के बाद भारतीय खिलाड़ी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के दूसरे संस्करण में हिस्सा लेने के लिए दक्षिण अफ्रीका रवाना हो जाएंगे। आईपीएल टूर्नामेंट 18 अप्रैल से शुरू हो रहा है।
स्वदेश लौटने से पहले ही भारतीय टीम को विजडन द्वारा सम्मानित किए जाने की खबर मिल गई थी। क्रिकेट का 'बाइबिल' कही जाने वाली इस पत्रिका ने अपनी 'ड्रीम टेस्ट टीम' में पांच भारतीय खिलाड़ियों को शामिल किया है।
अपने प्रेरणादायी नेतृत्व के दम पर न्यूजीलैंड में टीम को जीत दिलाने वाले महेंद्र सिंह धौनी को विजडन की ड्रीम टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। इस टीम में धौनी के अतिरिक्त सचिन तेंदुलकर, हरभजन सिंह, जहीर खान और वीरेंद्र सहवाग शामिल हैं।
साथ ही विजडन ने सहवाग को 2008 का 'लीडिंग क्रिकेट ऑफ द वर्ल्ड' सम्मान से भी नवाजा है। विजडन के मुताबिक सहवाग ने अपनी विस्फोटक शैली के दम पर टेस्ट में पारी की शुरुआत करने की शैली को नया आयाम दिया है।
भारत ने तीन मैचों की टेस्ट श्रृंखला में न्यूजीलैंड को 1-0 से पराजित किया। वेलिंग्टन में खेला गया तीसरा मैच जीतकर भारतीय टीम अपनी जीत के अंतर को 2-0 कर सकती थी लेकिन बारिश के कारण वह ऐसा नहीं कर सकी।
इससे पहले खेली गई पांच मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला में भारतीय टीम 3-1 से विजयी रही थी। एक मैच रद्द हुआ था। दो मैचों की ट्वेंटी-20 श्रृंखला न्यूजीलैंड ने 2-0 से जीता था।
इससे पहले मंसूर अली खान नवाब पटौदी की कप्तानी में भारतीय टीम ने 1968 में न्यूजीलैंड को 3-1 से पराजित किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications