पाकिस्तान के समाचार पत्र 'द न्यूज' ने यूनुस के हवाले से लिखा है, "इस श्रृंखला के मद्देनजर मैं अपने खिलाड़ियों से बहुत अधिक उम्मीद नहीं लगाए हुए हूं लेकिन मेरा मानना है कि सीए के फैसले के बाद वे रिकी पोंटिंग, माइकल हसी और मिशेल जानसन जैसे दिग्गजों के खिलाफ खेलने का मौका चूक जाएंगे।"
सीए ने जून में इंग्लैंड में खेले जाने वाले ट्वेंटी-20 विश्व कप और जुलाई में खेली जाने वाली एशेज श्रृंखला के मद्देनजर अपने तीन प्रमुख खिलाड़ियों को आराम देने का फैसला किया है। इस श्रृंखला के लिए सीए ने हालांकि तेज गेंदबाज ब्रेट ली, हरभनमौला खिलाड़ी एंड्रयू सायमंड्स और शेन वॉटसन को टीम में शामिल किया है।
यूनुस मानते हैं कि पोंटिंग सरीखे विश्व स्तरीय खिलाड़ी के खिलाफ खेलकर उनके युवा साथी काफी कुछ सीख सकते थे। बकौल यूनुस, "पोंटिंग की शैली भिन्न है। वह क्रिकेट के सबसे चतुर खिलाड़ियों में एक हैं। जानसन और हसी के साथ भी ऐसा ही है। मेरा मानना है कि सीए को इन खिलाड़ियों को भी यूएई भेजना चाहिए था।"
दोनों टीमों के बीच खेली जाने वाली पांच एकदिवसीय और एक ट्वेंटी-20 मैच की श्रृंखला 22 अप्रैल से दुबई में शुरू होगी। इसका समापन सात मई को होना है। श्रृंखला के मैच अबूधाबी में भी खेले जाएंगे। इस श्रृंखला का आयोजन पाकिस्तान में होना था लेकिन आस्ट्रेलिया ने सुरक्षा कारणों से पाकिस्तान दौरा करने से इंकार कर दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।